February 5, 2012
इस चिट्ठी में मेरी बर्लिन यात्रा का वर्णन है।

वर्ष २००७ में, मुझे बर्लिन जाने का मौका मिला। भारत से बर्लिन के लिये, कोई भी सीधी हवाई जहाज की उड़ान नहीं है। मैंने बर्लिन जाने के लिये, वियाना होते हुए टिकट लिया। मैंने लौटते समय दो दिन वियना में रहने का प्रोग्राम बनाया। मुझे लगा कि इससे अच्छा मौका, इन दोनो जगहों को देखने का नहीं मिलेगा।
जर्मनी और ऑस्ट्रिया दोनो जगह जर्मन भाषा बोली जाती है। इसलिये मैंने जर्मन भाषा के सीखने की बात सोची। इसके लिये मैंने दो पुस्तकें लीः
पहली पुस्तक का फायदा यह है कि इसमें शब्द देवनागरी में भी हैं जिससे उच्चारण ठीक से समझ में आते हैं। दूसरी का फायदा यह है कि यह छोटी है और आपकी जेब में आ जाती है।
मैंने जर्मन भाषा सीखने की सीडी भी सुनी यह हॉरर एजूकेशन लिमिटेड के द्वारा बनायी गयी है और अच्छी है इसमे सुनने में शब्दों के उच्चारण समझ में आये। जर्मन भाषा सीखने के लिये अन्तरजाल पर भी सहायता मिली।
मैं जर्मन भाषा तो पूरी तरह नहीं सीख पाया। इसके लिये कुछ और समय चाहिये था पर कुछ सामान्य जर्मन शब्द इस प्रकार हैं। इन शब्दों की वहां जरूरत पड़ी और इसका फायदा हुआ।
| अंग्रेजी में | जर्मन भाषा में |
जर्मन शब्दों का उच्चारण |
| Bye! See you later. (casual) | Tschüs! | ट्यूस् |
| Can you help me? | Können Sie mir helfen? | कॉनेन सिआ हेलफ्न |
| Fine, thanks. | Danke, gut. | डांकॅ गुट |
| Gentleman | Herr | हेर |
| Good | गुट | |
| Good Afternoon, Good day, Hello! – Hi! | Guten Tag! – Tag! | गुटन टाग |
| Good evening! | Guten Abend! | गुटेन आबेन्ड |
| Good morning! – Morning! | Guten Morgen! – Morgen! | गुटन मॉरनेन |
| Good night! | Gute Nacht! | गुट नाक्ट |
| Good-bye, | Auf Wiedersehen. | ऑउफ वीडरसेहन |
| Great, Very good | Sehr gut. | सेर गुट |
| How are you? | Wie geht es Ihnen? | वि गी इस इहनन |
| How are you? (familiar, informal) | Wie geht’s? | |
| I am sorry | एन्ट शुलडिगन | |
| I don’t understand German | एक फसते हे काइन डॉइच (जर्मन) | |
| I would like… | Ich möchte… | इश मश्तय् |
| Lady | Dame | डामे |
| May I? | Darf ich? | डार्फ इश |
| No thanks! | Nein, danke! | नाइन डान्कॅ |
| Not so well. | Nicht so gut. | नित्स सो गुट |
| Please! – Yes, please! | Bitte! – Ja, bitte! | बिटॅ |
| Thank you! | Danke schön! | डान्कॅ शॉन |
| Thanks a lot! – Many thanks! | Vielen Dank! | फिलेन डान्कॅ |
|
Thanks! – No thanks! Note: “Danke!” in response to an offer usually means “No thanks!” If you want to indicate a positive response to an offer, say “Bitte!” |
Danke! | डान्कॅ |
| What would you like? | Was möchten Sie? | वस मश्त इज़ी |
| You’re welcome! (in response to “Danke schön!”) | Bitte schön! | बिटॅ शॉन |
ऑस्ट्रियन एयर लाइन
भारत से वियाना तक की फ्लाइट ऑस्ट्रियन एयर लाइन की थी। हवाई जहाज सही समय पर उड़ा। मुझे आगे की सीट मिली थी। एक महिला अपने छोटे से बच्चे के साथ आयी। उसने कहा कि मैं उसे यह सीट दे दूं। आगे की सीट में बैठने का यह फायदा है कि बच्चों के लिये वह क्रैडल लग जाती है। जिस पर उन्हे लिटाया जा सकता है। मैंने मान लिया पर परिचायिका ने यह नहीं करने दिया क्योंकि आगे पहले से ही एक महिला बच्चे के साथ बैठी थी और ऊपर केवल एक ही अतिरिक्त ऑक्सीजन मॉस्क था दो नहीं। उस महिला को पुनः अपनी जगह वापस जाना पड़ा। किसी भी अन्य यात्री ने जिसकी सीट के सामने बच्चे के लिये क्रैडल लग सकता था, उस महिला के साथ सीट बदलने से मना कर दिया। वह कुछ मायूस हो गयी। इससे उसे रास्ते में कुछ तकलीफ तो जरूर हुई होगी पर मैं कुछ कर नहीं सकता था।
परिचारिकायें लाल परिधान पहने थीं। युवतियां लाल स्कर्ट, लाल बेल्ट, लाल या सफेद ब्लाउज, लाल जैकेट, लाल कोट, लाल स्टॉकिंग, यहां तक की लाल जूते पहने थीं। यही हाल युवकों का भी था। वे हमसे तो अंग्रेजी में बात करते थे पर आपस में किसी और भाषा में बात करते थे। मैंने एक परिचारिका से पूछा कि क्या वह जर्मन में बात कर रही है। उसने कहा,
‘हां, हम जर्मन में बात कर रहें हैं पर हमारा उच्चारण जर्मन के कुछ भिन्न है। लेकिन वर्तनी, व्याकरण बाकी सब वही है।’
मैंने जवाब दिया डांके शॉन (आपको बहुत धन्यवाद)। वह मुस्कराकर बोली,
‘लगता है आपको जर्मन आती है’।
मैंने कहा, मैं जर्मनी जा रहा हूं इसलिये कुछ शब्द सीख लिये हैं।
मेरे बगल की महिला इटली जा रही थी और जो महिला मुझसे सीट बदलना चाहती थी वह स्पेन जा रही थी। वे हरियाणा के किसी गांव की लग रही थी। उन्हें अंग्रेजी नहीं आती थी। वे घबरा रही थी। मैंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है मैं मदद करूंगा। मैंने वियना में उन्हें उस जगह तक पहुंचाया जहां से उन्हें अपनी, अगली उड़ान पकड़नी थी। हांलाकि बाहर निकलते समय एक व्यक्ति खड़ा था जो टिकट देखकर लोगों की सहायता कर रहा था।
मैं बर्लिन जाने के लिये, हाथ का सामान चेक करने के लिये देने लगा। एक व्यक्ति ने मुस्कुराते हुऐ पूछा कि,
‘क्या लैपटॉप है?’
मैंने कहा नहीं। उसने कहा,
‘क्या नोटबुक है?’
मैंने कहा,
‘नहीं, इसमें मेरे कपड़े हैं।’
उसे बहुत आश्चर्य हुआ, मानो कह रहा हो कि क्या कोई भारतीय बिना लैपटॉप के यात्रा कर सकता है। शायद सूचना प्रौद्योगिकी, भारतीयों की पहचान बन गयी है।
बीएसएनएल अन्तरराष्ट्रीय सेवा – मुश्कलें
मैं भारत से वियाना सुबह पहुंच गया था। वहां से बर्लिन के लिये उड़ान तीन घन्टे बाद थी। वियाना और बर्लिन का समय एक ही है और भारत के समय से ४:३० घन्टे पीछे है। मैंने अपनी पत्नी को फोन करने के लिये मोबाइल निकाला। यह बीएसएनएल का है। मैं इसे अन्तरराष्ट्रीय घूमने के लिये करवा कर ले गया था पर यह काम न कर, केवल सीमित सेवाओं को दिखा रहा था। वियाना हवाई अड्डे पर मुझे एक भारतीय सज्जन मिले। उनके फोन में भी यही मुश्किल थी। बहुत झुंझलाहट आयी। सामान ज्यादा होने के कारण, मैं अपना लैपटॉप नहीं ले गया था। मैंने अपना प्रस्तुतीकरण पहले ही भेज दिया था।
घूमते-घूमते, मेरी नजर एक भारतीय युवक पर पड़ी। उसके पास लैपटॉप था। वह कम्प्यूटर इंजीनियर था और अपनी कंपनी की तरफ से पोलैंड जा रहा था। उसे, वहां पर, बैंक की क्रेडिट कार्ड सर्विस का कंप्यूटरीकरण करना था। उसके फोन के साथ भी यही मुश्किल थी। मैंने उससे पूछा कि क्या उसका लैपटॉप काम कर रहा है। उसने कहा हां। मैंने उससे पूछा कि क्या मैं उसके लैपटॉप से अपनी पत्नी को ई-मेल भेज सकता हूं। उसने मना कर दिया। उसका कहना था,
‘यह कम्पनी का है। इससे प्राइवेट ई-मेल नहीं जा सकती है। आप पब्लिक बूथ से फोन कर लीजिये।’
मैं नहीं जानता था कि वह बहाना कर रहा था या सच में ऐसा था। यदि यह सच था तो वह कंपनी, मैनेजमेंट के साधारण सिद्धांतो को नहीं समझती। क्या मालुम वह यह सोचता हो कि मैं ई-मेल से बम ब्लास्ट करने की बात सोचता हूं और इसके लिये वह पकड़ जायगा
मेरे पास यूरो थे पर सिक्के नहीं। मैंने कभी पब्लिक बूथ से फोन नहीं किया था। भाषा की मुश्किल अपनी जगह थी। मेरी समझ में नहीं आ रहा था कि मैं क्या करूं। जीवन में, मैंने अपने आप को कभी इतना असहाय नहीं पाया।
बर्लिन पहुंच कर मैंने अपनी पत्नी को ई-मेल से, मोबाइल फोन की मुश्किल के बारे में बताया। उसने टेलीफोन वालों से पूछ कर निदान भी बताया पर काम नहीं बना। हार कर वहां पर प्रीपेड कार्ड खरीदा। मुझे इसका निदान वियाना में पता चला। इसके लिये Application में जाना पड़ता है। वहां से Network, फिर cell one में जाकर, International चुनना होता है। मैं Setting में जा कर, Network Service में, इसका हल ढूढ़ रहा था। वापस भारत आकर, यह प्रक्रिया पुन: अपनानी पड़ती है। इस बार National चुनकर उचित Network, जो कि Dolphin है, चुनना होता है।
बर्लिन में भाषा की मुश्किल
बर्लिन में मुझे होटल में ठहरना था। वहां होटलों में चेक-इन का समय ३ बजे का होता है। मैं वहां १० बजे सुबह पहुंच गया था। उन्होंने सामान रखने की अनुमति दे दी पर कहा कि कमरा तीन बजे के बाद ही मिलेगा। मैं सामान रख कर बर्लिन घूमने निकल गया।
बर्लिन में ट्रेन, ट्राम, और बसें तीनों चलती हैं पर बस का सबसे ज्यादा प्रयोग होता है। शहर घूमने के लिए, कई एजेंसियां अपनी बस सेवा चलाती हैं। यह हॉप ऑन, हॉप ऑफ (Hop on, Hop Off) कहलाती हैं। आपको केवल एक बार टिकट लेना होता है। यह पूरे दिन के लिए वैध है। यह घूमने की जगह के पास रूकती हैं। आप किसी भी जगह उतरें और कहीं पर बैठ सकते हैं। दस मिनट बाद, वहां पर दूसरी बस आयेगी। बसों में हेडफोन है, जिससे सात भाषाओं में जगहों का वर्णन आता रहता है। इसमें अंग्रेजी तो शामिल है पर हिन्दी नहीं है। मैंने सोचा था कि एक चक्कर बिना उतरे लूंगा फिर दूसरी बार जो जगह अच्छी लगेगी उस पर उतर कर देखूंगा। बीच में ही मुझे भूख लगने लगी। एक जगह मुझे बहुत सारे ढ़ाबे दिखाई पड़े, मैं वहीं उतर गया।
ढ़ाबों में मुझे कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि क्या खाऊं। मैं शाकाहारी खाने के साथ, दूध, अण्डा, और मछली ले लेता हूं। हांलाकि चिकन या अन्य माँस नहीं खाता। मैंने भारत छोड़ते समय निश्चय किया था कि खाने से परहेज नहीं करुंगा लेकिन यह समझ में नहीं आ रहा था कि क्या खाना लूं। एक ढ़ाबे में, मैंने महिला से बात की। उसने जर्मन भाषा में कुछ जवाब दिया। मैंने कहा,
‘डाउच नाइन (जर्मन भाषा नहीं), इंगलिश याह (अंग्रजी हां)।’
वह बोली,
‘डाउच नाइन अला…ला…ला….।’
मुझे लगा भूख से मरा रा रा…।
बगल के ढ़ाबे में, अश्वेत लोग थे। वे अंग्रेजी अच्छी बोलते थे। मैंने उनसे कुछ शाकाहारी खाने के लिए कहा। उन्होंने मुझे चावल के साथ राजमां और सब्जियां दी, साथ में चटनी भी। खाना गर्म था, मजा आया। खाना खा कर मैं फिर बस में चढ़ गया।
बस में घूमते हुए हम उस क्षेत्र से भी गुजरे जहां पर दूतावास हैं। यहां भारतीय दूतावास भी देखा। यह लाल रंग की इमारत है। जिसके पत्थर राजस्थान से आये हैं। एक चक्कर पूरा करने में ही शाम हो गयी, दूसरा चक्कर लेने का न तो समय था, न ही हिम्मत। मैं वापस पैदल ही होटल की तरफ चल दिया, जो कि लगभग एक किलोमीटर दूर था।
मैं वापसी में रास्ता भटक गया। मुझे दो छोटी लड़कियां मिलीं। मैंने उन्हें नक्शा दिखा कर पूछा कि मैं यहां कैसे जाऊं। वे अंग्रेजी नहीं समझती थीं पर उन्होंने मुस्करा कर इशारे में बताया और मैं उधर ही चल दिया। काफी दूर जाने के बाद भी जब होटल नहीं मिला तो घबरा गया। वहीं पर एक वृद्ध दंपत्ति दिखाई पड़े। वे भी अंग्रेजी नहीं समझते थे। मैंने उनसे पता पूछा तो वे मुस्करा कर बार बार कुछ इशारा करने लगे। कुछ देर बाद समझ में आया कि मेरा होटल दो इमारत के बाद था और वे उसके बोर्ड की तरफ इशारा कर रहे थे। मैंने उन्हे धन्यवाद दिया और कमरे में पहुंचा।
कमरे के फ्रिज में, पानी या बीयर के दाम में कोई अंतर नहीं था। मैं शराब या बीयर नहीं पीता हूं पर पानी इतना महँगा। बाथरूम से लेकर, पानी नहीं पिया गया। ७ बज रहे थे। मैंने पिछली रात हवाई जहाज में काटी थी – थकान अलग लग रही थी, जल्द ही गहरी नींद में डूब गया।
मुझे बर्लिन में भाषा की मुश्किल पड़ी। अच्छा हुआ कि मैं कुछ जर्मन के शब्द सीख कर गया था नहीं तो और भी मुश्किल पड़ती।
ऑफिस, स्कूल साइकिल पर – स्वास्थ भी बढ़िया, पर्यावरण भी ठीक
बर्लिन घूमते समय मुझे जगह-जगह लोग साइकिलों पर चलते आये। कुछ बच्चे थे कुछ युवक युवतियां तो फिर कुछ और बड़े। कुछ लोग अपने बच्चों को साइकिल पर बिठा कर जा रहे, कुछ लोग साइकिलों पर ही बर्लिन यात्रा कर रहे थे। बर्लिन में सारी जगह खम्भे बने हैं आप वहीं पर अपनी साइकिलों पर ताला लगा कर छोड़ सकते हैं। मेरे पास समय होता तो मैं भी किराये पर साइकिल लेकर घूमना पसन्द करता।
यूरोप में साइकिल चलाने का काफी चलन है। इसके दो बड़े कारण हैं। यह चालक के स्वास्थ और पर्यावरण दोनों के लिये फायदेमंद है। बर्लिन में, मुझे बहुत सारे बच्चे साइकिल पर स्कूल जाते, और महिलाएँ एवं पुरुष ऑफिस जाते दिखे। वियाना में भी लोग साइकिलों पर घूमते नजर आये। शायद यही कारण हो कि इन दोनों जगह प्रदूषण बहुत कम था। इन दोनो जगह बहुत कम मोटर साइकिलें दिखीं। बहुत से लोग छोटी कार चलाते दिखे। लगता है कि यहां छोटी कारें काफी लोकप्रिय हैं।
यूरोप में किराये में साइकिल भी बहुत आसानी से मिल जाती है और इसे जगह जगह पर किराये पर लिया जा सकता है। यह किराये में ली जाने वाली कार जैसा है और स्वचलित हैं। लेकिन अब नयी तकनीक से युक्त होने के कारण खोयी जाने वाली साइकिलों का आसानी से पता लगाया जा सकेगा। अमेरिका में भी इस तरह का चलन शुरू हो रहा है। इसके बारे में आप न्यू यॉर्क टाइमस् का यह लेख पढ़ सकते हैं।
कुछ दिन पहले न्यूयार्क टाइम्स के एक लेख में भी लिखा था कि अमेरिका के कई शहरों में साइकिलों ट्रैक बन रहे हैं और वे साइकिल चलाने पर जोर दे रहें हैं। अपने देश में कुछ उल्टा हो रहा है। हम सस्ती एक लाख रुपये की कार बनाने के बारे में सोच रहे हैं ताकि सबको कार मिल सके पर न तो सार्वजनिक यात्रा करने के संसाधनों को मजबूत कर रहे हैं, न ही पैदल अथवा साइकिल चलाने पर जोर दे रहे हैं। कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर एक अन्य लेख न्यूयॉर्क टाइम्स में निकला था। यदि सारे हिंदुस्तानियों के पास कार हो जायें यानि की एक अरब कारें- क्या हाल होगा – अरे क्या होगा सब जगह ट्रैफिक जाम।
बर्लिन दीवार का टूटना और दिलों का मिलना
बर्लिन दीवार १९६१ में बनी थी। यह इसलिये बनायी गयी थी ताकि लोग पूर्वी जर्मनी से, पश्चिमी जर्मनी की तरफ न जा सके। बस में चल रही कमेंटरी से पता चला कि इसके बनने के बावजूद भी लगभग ५००० लोग भागने में सफल हो गये पर ९० लोग मार दिये गये थे। जिसमें ६० गोलियों के शिकार हुए।
बर्लिन दीवार को १९९० में, तोड़ दिया गया। इस समय, दिखाने के लिये कि कुछ जगह यह छोड़ दी गयी है। बर्लिन दीवार, जहां पर हटा दी गयी है, वहां दो ईंटो की लाइन बिछी है जिससे पता चलाता है कि यहां पर बर्लिन दीवार थी। जगह-जगह उसमें लोहे की प्लेट जड़ी है। जिस पर नम्बर लिखें हैं। शायद किसी निश्चित जगह से उसकी दूरी बताते हैं।
हमारी बस वहां से भी गुजरी, जहां पर बर्लिन दीवाल का कुछ भाग अब भी है। वहां से गुजरते समय, मुझे १९६० के दशक में पढ़ा उपन्यास – The Spy Who Came In From the Cold – की याद आयी। उसी समय इस पर बनी फिल्म भी देखी थी। इस उपन्यास को John le Carre ने लिखा है। यह उस समय बर्लिन में चल रहे शीत युद्ध पर आधारित एक डबल एजेंट की कहानी है जिसमें बर्लिन दीवाल की अहम भूमिका है। इसमें कोई शक नहीं कि यह, शीत युद्ध से जुड़ा, सबसे बेहतरीन जासूसी रोमांचकारी उपन्यास है।
जब जर्मनी के दोनों भाग जुड़ रहे थे तब बहुत से लोग कहते थे क्योंकि कि पूर्वी जर्मनी के लोग पश्चिमी जर्मनी के कारण अमीर हो जायेंगे। इस बारे में पूछने पर वहां लोगों ने बताया कि ऐसा नहीं हुआ। पूर्वी जर्मनी अब भी गरीब है। वहां रोज़गार के साधन नहीं हैं। वहां अधिकतर शहरों में जनसंख्या कम होती जा रही है। युवक युवतियां वहां से निकल कर पश्चिमी जर्मनी आ रहे हैं और पूर्वी जर्मनी के शहर केवल वृद्ध लोगों के शहर होते जा रहे हैं
द्वितीय विश्व युद्घ के बारे में मैंने डरते डरते कुछ सवाल किये। उनका कहना था कि हांलाकि नयी पीढ़ी यह नहीं समझ पाती है कि जिसे देश में इतने विचारक, इतने दार्शनिक हुए हैं उन्होंने ऐसा काम कैसे कर लिया पर नई पीढ़ी यह भी सोचती है कि यह काम पुरानी पीढ़ी ने किया है जिसके लिये वे उत्तरदायी नहीं हैं।
बर्लिन दीवाल का टूटना, पूर्वी-पश्चिमी जर्मनी का आपस में विलय, होना यह एक भावनात्मक बात थी। मुझे जर्मन लोगों ने बताया कि उन्हें इसकी प्रसन्नता है। हमारे भी – दो टुकड़े हुए हिन्दुस्तान और पाकिस्तान। बाद में पाकिस्तान के भी दो। यानि कि हम दो से तीन हो गये हैं। हम में एक खून है, एक सभ्यता है – क्या कभी हम तीन मिल कर एक हो सकेगें।
भारतीय सभ्यता, संस्कृत, और उपनिषद के जर्मन विद्वान – मैक्स मुलर
मैक्स मुलर का जन्म ६ दिसम्बर १८२३ में देसा, (Dessan, Germany) में हुआ था। लिपजिंग विश्वविद्यालय से पढ़ाई और पी.एच.डी. लेने के बाद १८४५ में वे फ्रांस चले गये जहां उन्होंने संस्कृत सीखी। १८४६ में वे, संस्कृत का और अच्छा अध्ययन करने, इंगलैंड चले गये। उन्होंने १८६८ से १८७५ तक आल सोलस् कालेज All Soules College, Oxford में Comparative Theology के प्रोफेसर रहे।
मैक्स मुलर ने भारतीय सभ्यता, संस्कृत, उपनिषदों का अच्छा अध्ययन किया और कई पुस्तकें लिखी हैं। इनमें मुख्य हैं:
उनकी मृत्यु २८ अक्टूबर १९०० में हो गयी।
मैक्स मुलर कभी भारत नहीं आये हैं पर भारतीय सभ्यता के बारे में बहुत काम किया है। जर्मनी में, मैंने उनके बारे में लोगों से पूछा पर उन्होंने मैक्स मुलर का नाम नहीं सुना था। मैंने उन्हें बताया कि वे जर्मन थे उन्होंने भारतीय सभ्यता और संस्कृत भाषा पर बहुत काम किया था। उनके नाम पर भारत में भवन और मार्ग हैं। उन्हें यह सुन कर आश्चर्य हुआ।
खूबसूरत शहर – बर्लिन
मैंने एक दिन बाद, पुन: बर्लिन शहर देखने के लिये बस सेवा का प्रयोग किया। इस बार सोचा कि कुछ जगह उतर कर उसका आनंद लूंगा, पर हल्का-हल्का पानी भी बरसने लग गया इसलिये यह उतनी अच्छी तरह से नहीं हो पाया जैसा कि मैं चाहता था।
मैं सबसे पहली जगह बर्लिन गेट पर उतरा। यह १४ गेटों में से एक है जहां पर टैक्स की वसूली की जाती थी। यहां पर अलग तरह के रिक्शे हैं जिस पर लोग चढ़कर आस-पास की जगह घूमने जाते हैं। कुछ रिक्शों को लड़कियां भी चलाती दिखीं।
बर्लिन गेट के बगल में जर्मनी की संसद है। मैं इसके बगल और पीछे गया। मैं सामने इसलिये नहीं गया क्योंकि इसमें कुछ समय लगता और मैं बाकी जगह भी घूमना चाहता था इसलिये वापस जहां से बस मिलने वाली थी वहां पर वापस आ गया।
मैं वहां पर बर्लिन टावर भी देखने गया। रात के समय सारा बर्लिन बहुत सुन्दर लगता है। मुझे लगा कि यूरोप के मुख्य शहरों में टावर बनाने का चलन है। वियना में भी इस तरह की टावर है। मैं बर्लिन टावर पर टॉयलेट भी जाना चाहता था, पता चला कि इसके लिए ५० सैन्ट देने पड़ेगें यानी कि लगभग ३० रूपये। सू – सू करने के लिये ३० रूपये कुछ ज्यादा ही लगे पर यदि न देता तो ज्यादा मुश्किल पड़ती इसलिये पैसे देकर सुविधा का प्रयोग किया।
रास्ते में घूमते हुऐ, रात्रि में मनोरंजन की जगहों और साधनों के बारे में, कई जगह पोस्टर दिखायी पड़े, उनका निमंत्रण मिला। मुन्ने की मां की याद आ गयी और मैंने नजरें दूसरी तरफ कर ली
वहां पर मैक्डॉनाल्ड, पीट्जा शॉप भी है पर मैं वहां जाना ठीक नहीं समझा। मैं एक जर्मन ढ़ाबे पर पहुंचा। कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि क्या लूं। वहां कि महिला को अंग्रेजी ठीक से नहीं आती थी। उसने मुझे बतख का मांस, डबलरोटी, चटनी के साथ खाने के लिए कहा। भूख बहुत जोरों से लगी थी सब अच्छा लगा। खाकर वापस आया अगले दिन मुझे वियाना जाना था और सामान लगाते ही मेरी आंख भी लग गयी।
नेपोलियन की तलवार में जड़ा – भारतीय हीरा
इस चिट्ठी में रीजेंट हीरे की चर्चा है।यह चित्र पेरिस के लूवर संग्रहालय के इस...
नेपोलियन की तलवार में जड़ा – भारतीय हीरा
इस चिट्ठी में रीजेंट हीरे की चर्चा है।यह चित्र पेरिस के लूवर संग्रहालय के इस...
हमारे यहां भरतपुर से अधिक पक्षी आते हैं
इस चिट्ठी में, मथुरा में स्थित, इंडियन आयल रिफ़ाइनरी की चर्चा है। मथुरा में एक...
दूसरे ग्रहों पर जीवन, उन पर बसेरा – कल्पना आर्थर सी क्लार्क की
इस चिट्ठी में, 'डिसकवरी साइंस' (Discovery Science) चैनल पर आ रही 'प्रॉफेटस् ऑफ साइंस फिक्शन'...
महिलायें जमीन पर लोट रही थीं
इस चिट्ठी में, गोकुल-मथुरा में रमण रेती आश्रम की चर्चा है। रमण रेती पर बालू...
सौ साल पहले…
इस चिट्ठी में, आज के दिन सौ साल पहले साहस के कारनामे की चर्चा है।
This...
नेपोलियन की तलवार में जड़ा – भारतीय हीरा
इस चिट्ठी में रीजेंट हीरे की चर्चा है।यह चित्र पेरिस के लूवर संग्रहालय के इस...
हमारे यहां भरतपुर से अधिक पक्षी आते हैं
इस चिट्ठी में, मथुरा में स्थित, इंडियन आयल रिफ़ाइनरी की चर्चा है। मथुरा में एक...
दूसरे ग्रहों पर जीवन, उन पर बसेरा – कल्पना आर्थर सी क्लार्क की
इस चिट्ठी में, 'डिसकवरी साइंस' (Discovery Science) चैनल पर आ रही 'प्रॉफेटस् ऑफ साइंस फिक्शन'...
महिलायें जमीन पर लोट रही थीं
इस चिट्ठी में, गोकुल-मथुरा में रमण रेती आश्रम की चर्चा है। रमण रेती पर बालू...
सौ साल पहले…
इस चिट्ठी में, आज के दिन सौ साल पहले साहस के कारनामे की चर्चा है।
This...
जर्मनी यात्रा का समेकित वर्णन ! मजा आ गया !
german yatra vritant ke liye badhayee.